• Home
  • रायबरेली
  • सीएचसी ऊंचाहार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 12 लोगों ने किया रक्तदान

सीएचसी ऊंचाहार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 12 लोगों ने किया रक्तदान

रायबरेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार में रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि डॉ. अंबेडकर राजकीय पीजी कॉलेज, ऊंचाहार के 6 छात्रों, एक शिक्षक, सीएचसी के 3 कर्मचारियों तथा 2 मतगणना अधिकारियों सहित कुल 12 लोगों ने रक्तदान किया।

उन्होंने कहा कि रक्तदान को महादान इसलिए कहा जाता है क्योंकि इससे जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमी नहीं आती, बल्कि इससे नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया और सक्रिय हो जाती है।

डॉ. शुक्ला ने बताया कि प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सड़क दुर्घटनाओं, थैलेसीमिया और किडनी रोगियों के उपचार में समय पर रक्त उपलब्ध होना जीवनरक्षक साबित होता है। ऐसे में ब्लड बैंक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा रायबरेली के कोषाध्यक्ष डी.एस. अस्थाना ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान कर महादानी बनें। इस अवसर पर डॉ. महमूद अख्तर, डॉ. दीपेंद्र सिंह (चिकित्सा अधिकारी, ब्लड बैंक), डॉ. एस.के. पांडे, डॉ. साक्षी वर्मा, यासीन अहमद, सुनील यादव, आंशिक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

इन लोगों ने किया रक्तदान—
देशराज, अतुल कुमार सक्सेना, मो. रिजवान नजर, आदित्य वर्मा, कौशलेश मिश्रा, बिलाल अहमद, अभिषेक कुमार, सूरज, मो. सिराज, प्रतीक कुमार साहू, रवींद्र कुमार और शाहबाज आलम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top