• Home
  • रायबरेली
  • प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए निर्देश

रायबरेली। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास से वंचित न रहे। निराश्रित गोवंश के संबंध में उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए पशुओं को लू और हीटवेव से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं तथा सभी गोवंशों को गोशालाओं में आश्रय दिलाया जाए। साथ ही गोशालाओं में हरे चारे और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अधिक से अधिक जोड़ों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सिंचाई में किसी प्रकार की समस्या न आने देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति को रोस्टर के अनुसार सुचारु रखने और ग्रामीण क्षेत्रों में जले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदलने के निर्देश दिए।

पीएमजीएसवाई विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। सभी विभागों को अपने लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने और लंबित निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से मई तक कार्य योजना तैयार कर अक्टूबर-नवंबर तक कार्य पूर्ण करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, अपर जिलाधिकारी अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top