रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्राम मल्लावां कट, निकट चेनज 351 कि.मी. गंगा एक्सप्रेसवे, तहसील बिलग्राम, जनपद हरदोई में लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उत्तर प्रदेश के सबसे विशाल 594 कि.मी. लंबे गंगा एक्सप्रेसवे (मेरठ-प्रयागराज) का लोकार्पण किया गया। इसमें जनपद रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे की लंबाई 77.300 कि.मी. शामिल है। इसी क्रम में जनपद रायबरेली के तहसील ऊंचाहार में स्थित ग्राम रोझइया भीखमशाह गंगा एक्सप्रेसवे चेंज रोड टोल प्लाजा के निकट जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री जनपद राकेश सचान, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, विधायक ऊंचाहार डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष बुद्धि लाल पासी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया एवं उनके उद्बोधन को सुना गया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज प्रधानमंत्री जी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी और लंबी सड़क परियोजनाओं में से एक है। यह राज्य के पश्चिमी हिस्से को पूर्वी हिस्से से सीधे जोड़ने वाला हाई-स्पीड कॉरिडोर है। गंगा एक्सप्रेसवे एक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो मेरठ से प्रयागराज को जोड़ता है। इसकी कुल लंबाई लगभग 594 कि.मी. है। गंगा एक्सप्रेसवे से 12 जनपद आच्छादित हैं—मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज। यह उत्तर प्रदेश के विकास के लिए एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से कृषक, वाणिज्य, पर्यटन एवं औद्योगिक क्षेत्र में वृद्धि होगी। औद्योगिक इकाइयों एवं कृषक उत्पादन क्षेत्रों से दिल्ली तक तीव्र कनेक्टिविटी स्थापित होगी। दुग्ध, सब्जी एवं फल के भंडारण एवं प्रसंस्करण केंद्रों में भी वृद्धि होगी। व्यापार एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से उत्पादों को बड़े बाजारों तक शीघ्र पहुँचाने में मिलेगी मदद : दिनेश प्रताप सिंह
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण एवं लोकार्पण से रायबरेली सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे जनपद को प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों से तेज एवं सुगम संपर्क प्रदान करेगा, जिससे व्यापार, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रायबरेली अपने कृषि एवं बागवानी उत्पादों के लिए जाना जाता है और गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से इन उत्पादों को बड़े बाजारों तक शीघ्र पहुँचाने में सहायता मिलेगी। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
ऊंचाहार के 200 एकड़ में इंडस्ट्रियल एस्टेट के विकास से हमारे विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे : डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय (विधायक ऊंचाहार)
क्षेत्रीय विधायक ऊंचाहार डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह रोजगार सृजन, कृषि उत्पादों को उचित मूल्य दिलाने, राज्य एवं देश की जीडीपी बढ़ाने तथा भारत को समृद्ध बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री को गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर बधाई एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार में 200 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एस्टेट के विकास से युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
विकास का नया पथ है “गंगा एक्सप्रेसवे” : विधायक सलोन (अशोक कुमार)
विधायक सलोन अशोक कुमार ने कहा कि उन्हें अत्यंत हर्ष है कि आज रायबरेली के ग्राम रोझइया गोकुलपुर टोल प्लाजा पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, उद्योग, निवेश, कृषि एवं रोजगार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला विकास पथ है। उक्त कार्यक्रम में सूचना विभाग के पंजीकृत दलों एवं कम्पोजिट विद्यालय रोझइया भीखमशाह तथा पं. जालपा प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। मंच का संचालन एस.एस. पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी फरीद अहमद खान, उपजिलाधिकारी ऊंचाहार विवेक राजपूत, उपजिलाधिकारी सचिन यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।





