रायबरेली। समुदाय के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रेडियो आरबीएल 90.4 एफएम, रायबरेली द्वारा “सेहत सही लाभ कई” कार्यक्रम के अंतर्गत तिलियाकोट क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान रेडियो टीम ने ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, टीबी एवं वायरल संक्रमण जैसे संचारी रोगों के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में सरल एवं स्थानीय भाषा में जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
इस अवसर पर टीम ने बताया कि स्वच्छता बनाए रखना, साफ पानी का उपयोग करना, समय पर टीकाकरण कराना तथा व्यक्तिगत स्वच्छ आदतों को अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। साथ ही, किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान सूचना सामग्री और पोस्टरों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।





