• Home
  • रायबरेली
  • बोर्ड परीक्षा के मेधावियों का सम्मान, छात्रों ने लहराया परचम

बोर्ड परीक्षा के मेधावियों का सम्मान, छात्रों ने लहराया परचम

ऊंचाहार, रायबरेली। ब्लॉक रोंहनिया स्थित श्याम सुंदर इंटर कॉलेज छतौना मरियानी में यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मेधावियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र बहादुर सिंह सेमरा ने किया। विशिष्ट अतिथि प्रबंधक सर्वेश सिंह चौहान एवं प्रधानाचार्य गिरधारी लाल भार्गव ने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यालय में विशेष कक्षाएं संचालित की गईं, जिससे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिला और परिणाम उत्कृष्ट रहा।

हाईस्कूल में इंदु ने 90.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। सौरभ कुमार ने 88.66 प्रतिशत, रौनक कुमार ने 88.50 प्रतिशत, आनंद कुमार ने 84.33 प्रतिशत तथा सोनाली ने 80.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रमुख स्थान हासिल किया। इंटरमीडिएट में नितिन कुमार ने 82.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। श्रेया सिंह ने 81.00 प्रतिशत, हर्ष त्रिपाठी ने 80.60 प्रतिशत, विदुषी ने 80.50 प्रतिशत तथा मुस्कान मिश्रा ने 79.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन दिनेश प्रताप मिश्र ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के व्यवस्थापक धनंजय सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top