• Home
  • रायबरेली
  • ऊंचाहार की जर्जर सर्विस लेन पर समाधान की उम्मीद, डीएम ने लिया संज्ञान

ऊंचाहार की जर्जर सर्विस लेन पर समाधान की उम्मीद, डीएम ने लिया संज्ञान

रायबरेली। जिले की कमान संभालने के बाद जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर तेजी से फोकस करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उन्होंने पत्रकारों के साथ औपचारिक बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। बैठक में पत्रकारों ने सड़क, बिजली, जल जीवन मिशन, अवैध अस्पताल व विद्यालय, स्कूलों में मनमानी किताबों से पढ़ाई और बाजारों में अतिक्रमण जैसे अहम मुद्दे उठाए। खास तौर पर ऊंचाहार क्षेत्र की बड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवरब्रिज (आरओबी) के किनारे की गड्ढायुक्त सर्विस लेन की समस्या प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा बाबुगंज बाजार में जलभराव की समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने पत्रकारों द्वारा बताए गए सुझावों और समस्याओं को नोट किया। डीएम ने कहा कि जनपद में गौशालाओं की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और यदि किसी विभाग या अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने पर जोर दिया। इस बैठक के बाद ऊंचाहार क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी सर्विस लेन के जल्द सुधरने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top