रायबरेली। केन्द्रीय विद्यालय, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एम.सी.एफ.) लालगंज के तत्वावधान में आयोजित 55वीं केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का 30 अप्रैल को भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 22 से 24 अप्रैल तक बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित हुईं। अंडर-14 वर्ग में केन्द्रीय विद्यालय फतेहगढ़ की सोनांक्षी रंजन, अंडर-17 में केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर की आराध्या तिवारी तथा अंडर-19 में केन्द्रीय विद्यालय एम.सी.एफ. रायबरेली की दिव्या कुमारी सर्वश्रेष्ठ एथलीट रहीं। ओवरऑल चैंपियनशिप में केन्द्रीय विद्यालय एम.सी.एफ. रायबरेली ने 69 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि फतेहगढ़ दूसरे और आईआईटी कानपुर तीसरे स्थान पर रहे।
दूसरे चरण में 28 से 30 अप्रैल तक बालक वर्ग की टेबल टेनिस और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अंडर-14 में केन्द्रीय विद्यालय चकेरी कानपुर के आरव, अंडर-17 में केन्द्रीय विद्यालय उन्नाव के आर्यन राजपूत और अंडर-19 में केन्द्रीय विद्यालय एम.सी.एफ. रायबरेली के संस्कार सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किए गए। बालक वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप में भी केन्द्रीय विद्यालय एम.सी.एफ. रायबरेली ने 77 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि फतेहगढ़ दूसरे और उन्नाव तीसरे स्थान पर रहा।
कार्यक्रम में आरेडिका रायबरेली के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र, आरेडिका खेलकूद संघ के सचिव अरविन्द कुमार तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. के. वर्मा सहित कई शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





