• Home
  • रायबरेली
  • डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजमार्गों पर अवैध रूप से बने कटों को बंद कराने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया गया।

उन्होंने इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को समय पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए। प्रमुख चौराहों को अधिक सुरक्षित बनाने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोलिंग और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने के मद्देनजर वहां भी सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी या किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा, गुड सेमेरिटन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने के लिए आमजन को प्रोत्साहित किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top