मथुरा। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्माण मजदूरों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांव-गांव से आए मजदूरों को स्थानीय मंडी चौराहा और कृष्णा नगर क्षेत्र में एकत्र कर उन्हें साफी और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में मौजूद राजमिस्त्री और बेलदारों को सम्मानित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकमान्य तिलक, लाला लाजपत राय, पंडित जवाहरलाल नेहरू और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेताओं ने मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मजदूरों के अधिकारों को कमजोर कर रही है, जिससे वे शोषण का शिकार हो रहे हैं। वरिष्ठ मजदूर नेता कामरेड शिवदत्त चतुर्वेदी ने मई दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए असंगठित और ठेका श्रमिकों के शोषण के लिए सरकार और कॉरपोरेट गठजोड़ को जिम्मेदार ठहराया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य मनोज गौड़, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष प्रवीण ठाकुर, सौरभ चतुर्वेदी, बलवीर प्रधान, आदित्य तिवारी एडवोकेट, मोहित अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अशोक निषाद, विनोद दिवाकर, हर्ष चौरसिया, अप्रितम सक्सेना, रमेश कश्यप, करन निषाद, ललिता देवी, मंजु, सुरेश शर्मा और नोहवत सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी मजदूर दिवस के महत्व पर विचार रखे और मजदूरों से एकजुट होने का आह्वान किया।





