• Home
  • रायबरेली
  • एनटीपीसी ऊंचाहार में श्रमिक दिवस पर इंटक यूनियन का भव्य आयोजन

एनटीपीसी ऊंचाहार में श्रमिक दिवस पर इंटक यूनियन का भव्य आयोजन

रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में श्रमिक दिवस के अवसर पर इंटक यूनियन द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह के मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि एनटीपीसी को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में यहां कार्यरत श्रमिकों की सबसे बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनटीपीसी प्रबंधन श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और आगे भी देता रहेगा। साथ ही उन्होंने विद्युत गृह में कार्य करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने इंटक यूनियन के इस प्रयास की सराहना करते हुए बताया कि कामगारों की समस्याओं के समाधान के लिए एनटीपीसी में हेल्प डेस्क विकसित किया गया है, जिसका लाभ सभी श्रमिक उठा सकते हैं। समारोह का स्वागत इंटक महासचिव राहुल कनौजिया ने किया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष शिवराम ओझा और नेफी के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत राय ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और इंटक के इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सहित सभी विभागाध्यक्षों ने श्रमिकों के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें उपहार देकर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन इंटक अध्यक्ष आज्ञा शरण सिंह ने किया। इस मौके पर महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, एसयू हरिदास सहित बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष और कर्मचारी उपस्थित रहे। इंटक यूनियन के पदाधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र बिंद, लघु शंकर यादव, राम सहाय, गौतम निषाद, राम लाल, रचना पाल, शिवम सिंह, घनश्याम मिश्रा, मत्सेंद्र दुबे और रोहित आर्या ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top