राजमार्ग पर घायल बाइक सवार को पहुंचाया अस्पताल
ऊंचाहार, रायबरेली। देर रात विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कर लौट रहे ऊंचाहार के विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। जानकारी के अनुसार, जगतपुर निवासी अनीश बाइक से जा रहे थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गए और बीच सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले। इस दौरान वहां से गुजर रहे विधायक ने अपने काफिले को रुकवाया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल जगतपुर पुलिस और एंबुलेंस को बुलाकर घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया गया कि कुछ ही देर बाद घायल युवक को होश आ गया। विधायक ने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करना हर व्यक्ति का दायित्व है। समय पर सहायता और उपचार मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में मदद करने वालों को कानून का भी सहयोग मिलता है।





