पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं एनएसपीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिवाकर कौशिक अपनी धर्मपत्नी, उत्तरा महिला क्लब एवं एवियाना क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक के साथ एनटीपीसी ऊंचाहार के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की अध्यक्षा रश्मि रेखा देबाता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दौरे के दौरान श्री कौशिक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्लांट की प्रगति की समीक्षा की और उत्पादन में उत्कृष्टता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने प्लांट के ईंधन प्रबंधन क्षेत्र में सातवीं बीओबीआर रैक का शुभारंभ भी किया। आवासीय परिसर में नए सौर ऊर्जा प्लांट का शिलान्यास करते हुए श्री कौशिक ने कहा कि इसके निर्माण से बिजली उत्पादन को नई गति मिलेगी।
श्री कौशिक एवं श्रीमती सीमा कौशिक के सम्मान में प्रियदर्शिनी महिला क्लब द्वारा अंबेडकर सभागार में वार्षिक समारोह आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह एवं क्लब अध्यक्षा रश्मि देबाता ने अतिथियों का स्वागत किया। रंगारंग वार्षिक समारोह में क्लब की महिलाओं ने भारत की सांस्कृतिक विरासत का आकर्षक और क्रमबद्ध प्रस्तुतीकरण किया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रियदर्शिनी महिला क्लब की सचिव पूजा गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष झूमिता बिस्वास ने किया। दौरे के दौरान श्री कौशिक एवं श्रीमती सीमा कौशिक ने वृक्षारोपण भी किया तथा बच्चों के विद्यालय “लिटिल नेस्ट” का अवलोकन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, एस.यू. हरिदास, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।










