• Home
  • रायबरेली
  • राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026 के अंतर्गत एम्स रायबरेली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026 के अंतर्गत एम्स रायबरेली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

रायबरेली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार “राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026” के अंतर्गत एम्स रायबरेली में 4 मई से 10 मई 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा को सुदृढ़ करने, आपातकालीन तैयारी बढ़ाने तथा जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस वर्ष का केंद्रीय विषय “Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Aware Society – Together for Fire Prevention” के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें तकनीकी वेबिनार, अग्नि सुरक्षा ऑडिट, क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण, मॉक ड्रिल एवं निरीक्षण शामिल हैं।

इसी क्रम में 4 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे अग्नि सुरक्षा शपथ (Fire Safety Pledge) का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेते हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर डीन (अकादमिक) डॉ. नीरज कुमारी, डीन (रिसर्च) डॉ. अर्चना वर्मा, डीन (परीक्षा) डॉ. प्रगति गर्ग, एएमएस डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार श्री यू. एन. राय, उप निदेशक (प्रशासन) श्री अखिलेश सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संस्थान प्रशासन ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के दौरान अग्नि सुरक्षा से संबंधित तकनीकी विषयों पर वेबिनार, अस्पताल के विभिन्न क्षेत्रों का आंतरिक अग्नि सुरक्षा ऑडिट, मॉक ड्रिल तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top