ऊंचाहार, रायबरेली। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर कहा कि “बंगाल की यह जीत केवल भाजपा की जीत नहीं है, बल्कि राष्ट्रवाद, सकारात्मक विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की जीत है।” उन्होंने अपने कैंप कार्यालय पर पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों में तीन राज्यों में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडे की जीत है। बंगाल की धरती ने हमेशा राष्ट्रवाद को दिशा दी है। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के ‘वंदे मातरम्’ से लेकर स्वामी विवेकानंद के ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत’ तक, बंगाल ने पूरे देश को प्रेरणा दी है। आज बंगाल की जनता ने अलगाववाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार को चुना है। यह उन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने चटगांव शस्त्रागार से लेकर अलीपुर बम कांड तक देश के लिए बलिदान दिया।
अभिलाष कौशल ने कहा कि कुछ दल भाषा और संस्कृति के नाम पर बंगाल को देश से अलग दिखाने की कोशिश करते रहे, लेकिन जनता ने बता दिया कि उन्हें गुमराह करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल में ओबीसी, दलित और आदिवासी समाज ने बढ़-चढ़कर राष्ट्रवाद और विकास के पक्ष में मतदान किया है। मोदी सरकार की मुद्रा योजना, विश्वकर्मा योजना और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का असर जमीन पर दिख रहा है। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिठाई वितरित कर पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई।
इस मौके पर जिला मंत्री राघवेंद्र पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता आशीष तिवारी, मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, अमरेश यादव, अरविंद शर्मा, निशा तिवारी, रीना पाल, विकास श्रीवास्तव, विनीत कौशल, जयचंद यादव, राजेंद्र पासी, तुलसीराम पासी, बालेंदु शुक्ल आदि मौजूद रहे।





