• Home
  • रायबरेली
  • सदर विधायक ने 12 किसानों को क्षतिपूर्ति के डमी चेक किए वितरित

सदर विधायक ने 12 किसानों को क्षतिपूर्ति के डमी चेक किए वितरित

रायबरेली। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित कृषकों को देय क्षतिपूर्ति के वितरण का कार्यक्रम जनपद स्तर पर आज महात्मा गांधी सभागार, विकास भवन में सदर विधायक श्रीमती अदिति सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में लाभान्वित कृषकों में से 12 किसानों को क्षतिपूर्ति के डमी चेक वितरित किए गए। क्षतिपूर्ति से लाभान्वित सभी किसानों को भुगतान पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से किया गया। रबी वर्ष 2025-26 के 434 किसानों को 27,68,324 रुपये डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजे गए। इसके साथ ही खरीफ 2025 की अवशेष क्षतिपूर्ति की धनराशि 10,26,553 रुपये सभी लाभान्वित कृषकों के खातों में सीधे भेजी जाएगी।

उप कृषि निदेशक रायबरेली द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों की क्षति की स्थिति में देय क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया एवं फसलों की प्रीमियम दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता द्वारा कृषि विविधीकरण एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर बल दिया गया।

विधायक सदर अदिति सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अन्नदाता किसान सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं तथा इस बार क्षतिपूर्ति का भुगतान रिकॉर्ड समय में किया गया है। उन्होंने कहा कि खेती में प्राकृतिक कारणों से होने वाले जोखिमों को रोका नहीं जा सकता, लेकिन फसल बीमा से आच्छादित रहने पर विपरीत परिस्थितियों में क्षतिपूर्ति के माध्यम से कुछ हद तक नुकसान की भरपाई की जा सकती है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक किसानों से इस योजना से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य मो. इरफान, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, अग्रणी जिला प्रबंधक विमल कुमार दुबे समेत बीमा कंपनी के कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top