• Home
  • फिरोजाबाद
  • शिक्षामित्रों का सम्मान समारोह, मानदेय वृद्धि पर बांटे गए चैक

शिक्षामित्रों का सम्मान समारोह, मानदेय वृद्धि पर बांटे गए चैक

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि के उपलक्ष्य में शहर के पॉलीवाल हॉल में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेकर शिक्षामित्रों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में जनपद के कुल 586 शिक्षामित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुक्त आगरा मंडल नागेंद्र प्रताप, सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस दौरान 20 चयनित शिक्षामित्रों—श्याम सिंह, चंद्रकला सिंगर, प्रमोद कुमार, सरोज राजपूत, गीतांजलि, मुरारी लाल शर्मा, रूबी यादव और पूनम सहित अन्य—को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चैक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षामित्रों के मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह करना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय है। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में शिक्षामित्रों के साथ खड़ी है और उनकी मेहनत एवं निष्ठा का सम्मान करना उसकी प्राथमिकता है। मंडलायुक्त ने शिक्षामित्रों के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top