फिरोजाबाद। जिले में स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रैना बिजली घर पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों, विशेषकर महिलाओं ने स्मार्ट मीटरों के खिलाफ जमकर हंगामा किया और पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग उठाई।
उपभोक्ताओं का आरोप था कि नए लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जरूरत से ज्यादा रीडिंग दिखा रहे हैं, जिसके चलते बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पुराने मीटरों में बिजली बिल सामान्य आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद अचानक बिलों में भारी बढ़ोतरी हो गई है।
महिलाओं और बुजुर्गों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि मजदूरी और छोटे-मोटे काम करके परिवार चलाना पहले ही मुश्किल है, ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिलों ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं। कई उपभोक्ता पुराने और नए बिजली बिल साथ लेकर पहुंचे तथा अधिकारियों से जांच कराने की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर तकनीकी जांच के बाद लगाए जा रहे हैं और यदि किसी उपभोक्ता को बिल संबंधी शिकायत है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि उपभोक्ता अपनी मांग पर अड़े रहे और पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग करते रहे। कुछ देर तक बिजली घर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिले में स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन सामने आने से बिजली विभाग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।





