फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को सीडीओ शत्रोहन वैश्य के साथ निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम जिले की पहचान बनने वाले महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आधारभूत संरचनाएं जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक तक निर्माणाधीन ऊपरगामी सेतु का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ मजदूर बिना हेलमेट के कार्य करते मिले, जिस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के साथ मजदूरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर कार्यरत प्रत्येक मजदूर को हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और उनका अनिवार्य रूप से प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेतु निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए, ताकि शहरवासियों को यातायात संबंधी परेशानियों से जल्द राहत मिल सके।





