मथुरा। धार्मिक नगरी मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जल्द ही 50 नई ई-बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। प्रदेश सरकार द्वारा इन ई-बसों का आवंटन मथुरा जनपद को किया गया है। जानकारी के अनुसार, एक एसी ई-बस की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है। इन बसों के संचालन से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर परिवहन सेवा का लाभ प्राप्त होगा।
त्योहारों, सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान ब्रज क्षेत्र में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इन बसों को विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है। इसके लिए जनपद में डिपो और चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने हेतु स्थान चयन की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद कार्य प्रारंभ किया जाएगा। फिलहाल चार्जिंग स्टेशन तैयार न होने तक इन बसों का संचालन वृंदावन स्थित चार्जिंग डिपो से किया जाएगा। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सर्विसेज द्वारा ऐसी योजना भी तैयार की जा रही है, जिससे इन सिटी बसों का संचालन शहर सीमा के साथ-साथ उपनगरीय क्षेत्रों में भी किया जा सके।
गौरतलब है कि वर्तमान में 44 ई-बसों का संचालन शहर के साथ गोवर्धन, बरसाना, जन्मभूमि और रेलवे स्टेशन मार्गों पर किया जा रहा है। नई ई-बसों के शामिल होने से परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इन बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल डिस्प्ले और आरामदायक सीटों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।





