हाथरस। शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को सासनी कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी नीरज शर्मा ने की, जबकि संचालन प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने किया। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम नीरज शर्मा ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि प्राप्त अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित थीं। इन मामलों के स्थायी समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो मौके पर पहुंचकर पैमाइश एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर विवादों का निस्तारण करेंगी। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि छोटी-मोटी शिकायतों का निस्तारण थाने स्तर पर ही आपसी सहमति से कराया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से अदालतों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान राजस्व विभाग के लेखपाल, कानूनगो तथा कोतवाली सासनी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समाधान दिवस में प्राप्त कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।




