फिरोजाबाद। सुहागनगरी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मदर्स डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूलों में सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रमों में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम जूनियर हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्लेवे, नर्सरी, केजी और कक्षा प्रथम के बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मिलकर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने ‘मुझे माफ करना ओ साईराम’, ‘तेरी अंगुली पकड़ के चला’, ‘फूल जैसी तेरी आंखें’, ‘तुम में रब दिखता है’, ‘यशोदा का लाल’, ‘मेरी मां’, ‘ये कैसा लड़का है’ और ‘मरजानी झांझर’ जैसे गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों और माताओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम शुक्ला ने कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती है और वह उनके जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों को मां के प्रति आदर और सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र कुमार जैन ने भी सभी को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की प्रशंसा की।
वहीं, किड्स कॉर्नर हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मदर्स डे कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संस्थापक स्वर्गीय सुखरानी भटनागर को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। “मॉम एंड टॉट शो” में माताओं और बच्चों ने संयुक्त प्रस्तुतियां देकर सभी का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पंजाब नेशनल बैंक की सीनियर मैनेजर अनामिका ने शानदार पुश-अप्स प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्हें “गोल्डन ब्यूटीफुल” विशेष टैग से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली भटनागर ने कहा कि बच्चों के संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में मैनेजर मुकुल भटनागर, एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. मयंक भटनागर, सीईओ विख्यात भटनागर सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





