रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में शनिवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दौरा किया। इस अवसर पर आयोजित चिंतन शिविर एवं प्रबंधन दक्षता संवर्धन कार्यक्रम का भी उन्होंने नेतृत्व किया। चिंतन शिविर के दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए कार्यदक्षता, आपसी समन्वय एवं कार्य संस्कृति को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने रणनीतिक, परिणामोन्मुख एवं नवाचार आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पारदर्शी प्रशासन और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने आरेडिका द्वारा पिछले वर्षों में प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान राज्यपाल ने कारखाना परिसर का निरीक्षण किया और व्हील शॉप में स्थापित नवीन मशीनों का लोकार्पण किया। उन्होंने आरेडिका की ‘आत्मनिर्भर भारत’ एवं ‘मेक इन इंडिया’ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। वहीं महाप्रबंधक एवं प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे ने उन्हें कोच एवं व्हील निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर. एन. तिवारी द्वारा दी गई।





