रायबरेली। मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा रविवार को कुष्ठ आश्रम परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर मानवता, सेवा और समर्पण का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा, जिसमें जरूरतमंदों को नेत्र परीक्षण के साथ चश्मे, दवाएं और फल वितरित किए गए। मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने कार्यक्रम में पहुंचकर मिशन के सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर सेवा करना ही सच्ची मानवता है और ऐसे कार्य समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। समापन अवसर पर उन्होंने मिशन के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील सिंह एवं अशोक कुमार मिश्रा ने भगवान के विग्रह पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर शैलेंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि समाजसेवा ही राष्ट्रसेवा का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि सेवा मिशन जिस निष्ठा से वंचित और जरूरतमंद वर्ग की सेवा कर रहा है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।
वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में निस्वार्थ सेवा की सबसे अधिक आवश्यकता है और मिशन जनकल्याण के क्षेत्र में अनुकरणीय भूमिका निभा रहा है। शिविर में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. ए.के. द्विवेदी एवं उनकी टीम ने बड़ी संख्या में मरीजों की नेत्र जांच की। पात्र लोगों को निःशुल्क चश्मे, आवश्यक दवाएं और फल वितरित किए गए। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि समय पर जांच से नेत्र रोगों की रोकथाम संभव है और ऐसे शिविर समाज के कमजोर वर्ग के लिए वरदान साबित होते हैं।
मिशन के संयोजक प्रदीप पांडेय ने कहा कि संस्था का मूल मंत्र “मानव सेवा ही ईश्वरीय सेवा” है। संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि अध्यात्म प्रेरित सेवा समाज को संवेदनशील और सशक्त बनाती है। इकाई अध्यक्ष रामराज गिरी ने आश्रमवासियों को फल वितरित किए, जबकि संरक्षक महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है।
कुष्ठ आश्रम के प्रधान उदयनाथ सहित आश्रमवासियों ने मिशन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान देवेंद्र नाथ मिश्रा, रामानुज मिश्रा, अजय मिश्रा, प्रकाश नारायण पाठक, केके वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।





