हाथरस। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुराना मिल कंपाउंड, आगरा रोड स्थित नवीन स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष ई-रिक्शा से पहुंचीं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सभी को ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण हितैषी वाहनों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ शहर निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। नई स्ट्रीट लाइटों के लगने से रात्रि के समय आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को सुविधा मिलेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। नगर पालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 350 आधुनिक 90 वाट एलईडी स्ट्रीट लाइटों की खरीद कर उन्हें नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर लगाया जा रहा है। जिन स्थानों पर पहले पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी, वहां अब बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी।
इसके अलावा राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 3000 नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद प्रक्रिया भी चल रही है। स्ट्रीट लाइटों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए ऑटो टाइमर भी लगाए जाएंगे, जिससे निर्धारित समय पर लाइटें स्वतः चालू और बंद होंगी तथा विद्युत ऊर्जा की बचत होगी। कार्यक्रम में मनोज अग्रवाल, विवेक गुप्ता, अशोक गोला, रामजी लाल वर्मा, दिनेश सिंह, धीरज जैन, बीना जैन और शालिनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।





