मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक मंडल स्तर पर व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में शुक्रवार को आगरा मंडल के आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, धौलपुर जंक्शन, आगरा किला, ईदगाह, राजा की मंडी, कोसीकलां सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान पुनः उपयोग योग्य बोतलों, बैग एवं कंटेनरों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ-साथ RailOne एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा अपनाने के लिए यात्रियों को जागरूक किया गया। सोशल मीडिया, जन-जागरूकता कार्यक्रमों और वर्कशॉप के माध्यम से आमजन एवं रेल यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक आगरा के निर्देशन में यह अभियान मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं मिशन LiFE के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विभिन्न तिथियों पर रेलवे कर्मचारियों के लिए कार्यशालाएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम, अपशिष्ट प्रबंधन अभियान तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।





