फिरोजाबाद। रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए फिरोजाबाद के रक्तवीर डॉ. अमित गुप्ता को लखनऊ में आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह में नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें इंग्लैंड की संस्था वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भी प्रदान किया गया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अंतरराष्ट्रीय संस्था निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ एक्टिविस्ट्स) द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेशभर से आए रक्तदाताओं को रक्तदान शिविरों के आयोजन, जागरूकता अभियान तथा अन्य सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष वैश्य नटवर गोयल, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी तथा निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी ने डॉ. अमित गुप्ता को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन एवं संवेदना-2 अभियान में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना, निफा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप दुबे, सोटो के संयुक्त निदेशक डॉ. हर्षवर्धन द्विवेदी, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी रक्तवीरों के योगदान की सराहना की।





