कानपुर। माइल्स ऑफ स्माइल्स विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के आकस्मिक निधन पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद मिश्रा का निधन शिक्षा जगत एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने समर्पण, दूरदर्शिता और सेवा-भाव से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में माइल्स ऑफ स्माइल्स विद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ने स्वर्गीय मिश्रा के व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने घाटमपुर क्षेत्र के गुजा गांव में पी.एल. मिश्रा इंटर कॉलेज एवं पी.एल. मिश्रा प्राइमरी स्कूल की स्थापना कर हजारों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा प्रदान की। उनका शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सनातन मठ मंदिर रक्षा समिति के उपाध्यक्ष सुधीर द्विवेदी ने कहा कि राजेंद्र प्रसाद मिश्रा का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, शिक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनका सरल, सहज एवं स्नेहिल व्यक्तित्व तथा समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय की प्रबंधक प्रीति मिश्रा, प्रधानाचार्या इत्रिका गुप्ता, विजय मिश्रा, रघुवंश मिश्रा, स्वेच्छा सचदेवा, राकेश गुप्ता, गिरीश जी सहित समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा के अंत में ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
माइल्स ऑफ स्माइल्स विद्यालय में संस्थापक एवं प्रबंधक को भावभीनी श्रद्धांजलि





