सलोन, रायबरेली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रायबरेली के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद जुबैर ने नगर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय का प्रातः 8:26 बजे शैक्षिक सपोर्टिव सुपरविजन किया और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रार्थना सभा में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से संपर्क बनाकर छात्र संख्या एवं नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।
डॉ. जुबैर ने आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद अभिभावकों से जनगणना कार्य में स्वगणना कर राष्ट्रहित में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली तथा अभिभावकों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन विद्यालय में कराने का अनुरोध किया।
कक्षा दो में शिक्षिका बबली सिंह के शिक्षण कार्य का अवलोकन किया गया। इस दौरान छात्राओं समरीन, प्राची, हलीमा, जानवी और सानिया ने हिंदी भाषा की पुस्तक धाराप्रवाह पढ़कर सुनाई, जिस पर उन्हें शाबाशी देते हुए अन्य विषयों में भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. जुबैर ने स्वयं भी बच्चों को पढ़ाया और उनसे प्रश्नोत्तर किए।
विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रधानाध्यापक राकेश कुमार सिंह सहित समस्त स्टाफ की सराहना की। साथ ही रसोइयों से उनके मानदेय के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पूर्व सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका श्रीमती अशफाक जहां ने डॉ. मोहम्मद जुबैर को मिर्ज़ा ग़ालिब अवार्ड मिलने पर उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
सेवा निवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद के जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान ने नगर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय सलोन, बीआरसी स्थित प्राथमिक विद्यालय राजापुर माफी तथा प्राथमिक विद्यालय पूरे विशेनन में छात्रों के बैठने हेतु बेंच और डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।










