पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार तापीय परियोजना में बालिका सशक्तिकरण अभियान (जेम) के नए सत्र का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी हर्षित कौर ब्रोका ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे एनटीपीसी संगठन में संचालित किया जा रहा है और अब तक 18 हजार से अधिक बालिकाएं इससे लाभान्वित हो चुकी हैं। अकेले ऊंचाहार परियोजना में 600 से अधिक बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इस सत्र में 144 ग्रामीण बालिकाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने बालिकाओं के साथ केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और एनटीपीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान ग्रामीण बालिकाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास है। उन्होंने बालिकाओं और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस मंच और अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करें। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की अध्यक्षा रश्मि देबाता, उपजिलाधिकारी ऊंचाहार विवेक राजपूत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जेम के पिछले सत्र की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वरिष्ठ प्रबंधक सीएसआर स्नेहा त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने बताया कि अभियान में शामिल बालिकाओं के लिए प्रशिक्षण के साथ रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली 15 बालिकाओं की कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा का पूरा खर्च एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में वहन किया जाएगा। इस पहल के लिए आसपास के गांवों के अभिभावकों ने एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।










