कविता पंत: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत ने मेड इन इंडिया 4जी स्टैक लॉन्च किया है। अब भारत उन 5 देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिनके पास यह क्षमता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत की क्षमता को पहचान रही है। हमारे पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम और 5जी मार्केट है। यह भारत में निवेश, नवाचार और निर्माण का सबसे सही समय है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज दिल्ली स्थित यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के 9वें एडिशन का उद्घाटन किया। यह एशिया का सबसे बड़ा टेलीकॉम, मीडिया और टेक्नोलॉजी इवेंट है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मोबाइल से लेकर सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स तक सभी क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ को एक बार फिर जोर देकर बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार सुधारों की गति तेज कर रही है और निवेश के सबसे बेहतर अवसरों की पेशकश कर रही है।
मोदी ने कहा कि सरकार की मदद से उद्योग, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थान कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। स्वदेशी प्रौद्योगिकी का विकास हो, अनुसंधान एवं विकास के जरिये बौद्धिक संपदा सृजित करना हो, वैश्विक मानक में योगदान देना हो, भारत हर आयाम में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ की बात कही थी तो कुछ लोग इसका मजाक उड़ाते थे। उन्हें जवाब मिल गया है। जो देश कभी 2जी को लेकर संघर्ष करता था, आज उसी देश के सभी जिले में 5जी पहुंच गया है। आज भारत में 1जीबी वायरलेस डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम है।
केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारी दूरसंचार क्रांति चार ‘डी’ पर आधारित है – डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, डिजिटल फर्स्ट और डिलीवरी। 2014 में 1जीबी डेटा की कीमत ₹287 हुआ करती थी। आज उसी 1जीबी डेटा की कीमत केवल 9 रुपए 11 पैसे है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह सिर्फ दूरसंचार क्रांति नहीं है। यह विकसित भारत की क्रांति है। कौशल हमें शक्ति देता है, सुरक्षा हमें आत्मविश्वास देती है और संप्रभुता हमें आत्मनिर्भर बनाती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया पर निर्भर देश से आत्मनिर्भर भारत में बदल रहा है।
इंडियन मोबाइल कांग्रेस 8 से 11 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें देश-विदेश की कंपनियां, स्टार्टअप्स और विशेषज्ञ नई तकनीकों को पेश करेंगे। इसमें भारत, कनाडा, जापान, ब्रिटेन, रूस सहित 150 से ज्यादा देशों से 1.5 लाख से ज्यादा वक्ता, 7000 से ज्यादा ग्लोबल डेलिगेट्स और 400 से ज्यादा कंपनियां भाग ले रही हैं।
इस कार्यक्रम को डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने संयुक्त रूप से आयोजित किया है। इस साल कार्यक्रम का थीम “इनोवेट टू ट्रांसफॉर्म” है।
भारत ने मेड इन इंडिया 4 जी स्टैक लॉन्च किया : प्रधानमंत्री
Releated Posts
