• Home
  • रायबरेली
  • गंगा एक्सप्रेसवे हादसा: डीएम-एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

गंगा एक्सप्रेसवे हादसा: डीएम-एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

रायबरेली। गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल महिलाओं का हाल जानने के लिए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को हर संभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना है। बताया गया कि जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने नौ महिलाओं को टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी ऊंचाहार राजेश कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, जिला अस्पताल (पुरुष) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक ने परिजनों से की मुलाकात

उधर, ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चूली में हुई इस दुखद दुर्घटना के बाद विधायक ने जिला अस्पताल और एम्स जाकर मृतक एवं घायल महिलाओं के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और कहा कि वे परिवार की तरह उनके साथ खड़े हैं। विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिलाधिकारी रायबरेली से वार्ता कर घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था भी कराई। विधायक ने आश्वासन दिया कि दुर्घटना की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top