हिमांशु : कानपुर नगर। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्कूली वाहनों को नियमों के दायरे में लाने के लिए ‘मिशन: सेफ फ्यूचर’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत फिटनेस और परमिट सुनिश्चित कराया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को नवीन सभागार, सरसैया घाट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित ‘जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति’ की बैठक-2026 में लिया गया।
विधायिका सरोज कुरील ने दिया मार्गदर्शन
बैठक में घाटमपुर विधानसभा की माननीय विधायिका श्रीमती सरोज कुरील जी ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शिरकत की। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को कड़ाई से लागू करने की बात कही।
स्कूलों के बाहर लगेंगे जागरूकता पोस्टर
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे परिवहन विभाग के साथ मिलकर संयुक्त टीमें बनाएं। ये टीमें विभिन्न विद्यालयों का दौरा करेंगी और स्कूलों के बाहर स्कूली वाहनों के तय सुरक्षा मानकों से संबंधित पोस्टर व बैनर लगवाएंगी, ताकि अभिभावक और स्कूल प्रशासन जागरूक हो सकें।
समय सीमा के बाद होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन द्वारा स्कूल वाहन संचालकों से अपील की गई है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपने वाहनों के सभी मानक (जैसे फिटनेस, परमिट व अन्य सुरक्षा इंतजाम) अनिवार्य रूप से पूरे कर लें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निश्चित समय अवधि बीत जाने के बाद यदि कोई भी स्कूली वाहन मानकों के विपरीत या बिना वैध कागजात के चलता पाया गया, तो उसके खिलाफ बेहद कठोर प्रवर्तन कार्रवाई (Enforcement Action) की जाएगी।










