फिरोजाबाद। भारतीय प्रधान संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी से मिला और ग्राम पंचायतों में आ रही शिकायतों एवं समस्याओं से अवगत कराया। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने अधिकारियों को बताया कि ज्यादातर ग्राम विकास अधिकारी यह मानकर बैठे थे कि 25 मई 2026 को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार एडीओ (पंचायत) को प्रशासक बनाएगी। ऐसे में वे पंचायतों में अपनी मनमानी कर लेंगे। परंतु सरकार द्वारा इसके विपरीत प्रधानों को ही प्रशासक बना दिया गया, जिससे कुपित होकर ज्यादातर सचिव पंचायतों के कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं। वे कर्मचारियों के मानदेय का भी भुगतान नहीं कर रहे हैं तथा तरह-तरह की बातें करके प्रधानों और अपने वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे पंचायत सचिवों व अन्य संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए, अन्यथा प्रधान संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पंचायतों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा दोषी सचिवों व अन्य के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कुमार, जिला संगठन मंत्री अनिल कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष नारखी अवधेश प्रताप सिंह, प्रधान पुष्पेंद्र सिंह, राजमणि यादव आदि मौजूद रहे।
प्रधान संगठन ने सीडीओ, डीपीआरओ से भेंटकर पंचायतों की समस्याओं से कराया अवगत
Releated Posts










